कांधला। कस्बे की नई बस्ती स्थित पुश्तैनी शिवालय अंदोसर मंदिर में मंदिर महादेव मारूफ शिवाला कांधला धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में स्व. बाबू कौशल प्रसाद एडवोकेट की जयंती मनाई गई। उनकी स्मृति में स्थापित पुस्तकालय का स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा नेत्री मृगांका सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान ऑनलाइन स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार करन, द्वितीय कुश गिरी गोस्वामी, तृतीय लाईबा, रिया और प्राची ने प्राप्त किया। मुख्य अतिथि मृगांका सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रतिभागियों को परस्पर ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। आज बेटियां शिक्षा, खेल सहित सभी क्षेत्रों में नाम रोशन कर रही हैं। बेटियों के लिए सफलता का रास्ता सुगम बनाने के लिए उनके अभिभावकों का भी बहुत योगदान रहता है। उन्होंने कार्यक्रम की आयोजक दोनों बहनें एडवोकेट शालिनी कौशिक व डॉ. दीप शिखा को भी साधुवाद दिया।
स्व. बाबू हुकुम सिंह की लाइब्रेरी से कुछ ज्ञानवर्धक साहित्य बाबू कौशल प्रसाद एडवोकेट स्मृति पुस्तकालय को प्रदान किया। ट्रस्ट की अध्यक्ष शालिनी कौशिक एडवोकेट और महासचिव डॉ. शिखा कौशिक ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट खड़क सिंह चौहान व संचालन गुलशन खन्ना ने किया। इस दौरान राजीव शर्मा जी, नीरज मलिक, नीरज पंडित राधेश्याम, एडीओ प्रभारी धर्म सिंह, श्वेता जैन, पंडित प्रभाकर, वर्षा आदि मौजूद रहे।