शामली। डीएम ने शीतकालीन भ्रमण के दौरान गांव खेड़ीकरमू में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, तो ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अभियान पर सवाल उठा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एएनएम टीकाकरण के लिए डोर टू डोर नहीं पहुंचती है, जिस कारण कई बच्चे टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। इस पर डीएम ने संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को निर्देश दिया है।
सोमवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने गांव खेड़ीकरमू में पहुंचकर पंचायत भवन में लोगों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने खतौनी का सत्यापन करते हुए कई ग्रामीणों से दाखिल खारिज के बारे में जानकारी ली। विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों से योजना का लाभ मिलने के बारे में पूछा।
साथ ही गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए लगे हैंडपंप, छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अभियान का सत्यापन किया, तो एक ग्रामीण ने बताया कि टीकाकरण कैसे कराएं, जब एएनएम हमारे घर तक आई ही नहीं। इस पर डीएम ने बच्चे के बारे में जानकारी की, तो पता चला कि एएनएम उनके घर नहीं पहुंची थी, जिस कारण बच्चे और उसकी मां को अस्पताल लाकर टीका लगवाना पड़ा था। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीएमओ को निर्देश दिया कि संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए, क्योंकि टीकाकरण अभियान में लापरवाही बरतना गंभीर है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, एसडीएम सुरजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।