हर विद्यालय से 10 कैडेट्स लेंगे हिस्सा
शामली। 85 यूपी बटालियन एनसीसी शामली के कार्यालय पर एनसीसी कैडेट्स को 11 सितंबर को आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव में फिट इंडिया फ्रीडम रन की जानकारी दी गई।
बृहस्पतिवार को बटालियन पर कमान अधिकारी कर्नल विशाल बख्शी ने एनसीसी कैडेट्स को बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव पर यह दौड़ 11 सितंबर को भैंसवाल रोड नहर के पुल से सुबह सात बजे से शुरू होकर बटालियन परिसर में संपन्न होगी। सभी प्रतिभागी सफेद टी शर्ट व ब्लैक ट्राउजर में दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। यह दौड़ चार वर्गों में होगी। प्रथम वर्ग में एसडी बालक, द्वितीय में एस डब्ल्यू बालिका, तृतीय वर्ग में जेडी बालक और चतुर्थ वर्ग में जेडी बालिका प्रतिभाग करेंगी।
एसडी की दौड़ पांच किलोमीटर, जेडी की दौड़ तीन किलोमीटर की होगी। सभी वर्गों में पहले तीन स्थान पाने वाले कैडेट्स को गोल्ड, सिल्वर व ब्रांज मेडल से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दौड़ में कैडेट्स के परिवार के सदस्य भी उसी ड्रेस कोड में प्रतिभाग कर सकते हैं। इस अवसर पर कैप्टन रजनीश कुमार, सूबेदार मेजर विरेंद्र सिंह, नायब सूबेदार दिगंबर सिंह, सूबेदार सुरेश कुमार, हवलदार सोहनलाल, रवि, संजीव पंवार, राजेश कुमार, रणवीर सिंह, किरणपाल, जयेंद्र सिंह और योगेंद्र आदि मौजूद रहे।