तिलहर थाने गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने के शक में पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इससे नाराज हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए। बाद में सीओ के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर कार्यकर्ता वापस हुए। इस दौरान जमकर हंगामा और नारेबाजी हुई।
मोहल्ला चौहटिया निवासी अजीम खान की पत्नी सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि वह बुधवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे स्टेशन रोड पर भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थी, लेकिन वहां पर पहले से ही दो युवक खड़े हुए थे। आरोप है कि जब उससे रुपये नहीं निकले तो दोनों युवकों ने मदद करने के बहाने उसका एटीएम बदल दिया। बाद में उनके खाते से दस हजार रुपये निकल गए। महिला के साथ परिजनों ने पुलिस की मदद से दोनों युवकों को एटीएम के समीप बाजार से हिरासत में ले लिया।
इस दौरान हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को दोनों युवकों के पकड़े जाने और महिला के परिजनों द्वारा दोनों युवकों की पिटाई किए जाने की सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि दोनों युवक हिंदू वाहिनी से जुड़े हुए हैं और उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार है। पुलिस के जांच करने की बात कहने पर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए थाना गेट पर दरी बिछाकर बैठ गए। शाम लगभग 6:30 बजे सीओ अरविंद कुमार ने निष्पक्ष जांच की बात कहते हुए माहौल शांत कर दिया।