शाहजहांपुर। पूर्वोत्तर रेलवे की शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है, जबकि पिछले दिनों इस लाइन का सीआरएस निरीक्षण और स्पीड ट्रायल भी हो चुका है। इस रूट पर ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे बोर्ड की ओर से अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। जबकि 15 अगस्त तक ट्रेनों के संचालन के कयास लगाए जा रहे हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी भी ट्रेनों के संचालन को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं।
साल 2017-18 में शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड की 83 किमी लाइन के आमान परिवर्तन कार्य की मंजूरी मिली थी। इस रेलखंड की आमान परिवर्तन की लागत 426.74 करोड़ रुपये थी। इसके लिए 30 मई, 2018 को मीटर गेज की ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। परियोजना के प्रथम चरण में पीलीभीत-बीसलपुर रेलखंड का दस और 11 फरवरी 2020 और द्वितीय चरण में बीसलपुर-शाहवाजनगर रेलखंड का 31 अक्टूबर, 2020 को सीआरएस मोहम्मद लतीफ खान ने निरीक्षण किया था।
चार अगस्त को सीआरएस ने शाहवाजनगर-शाहजहांपुर तक 4.16 किमी ट्रैक का निरीक्षण किया था, जिसे ट्रेन संचालन के लिए ओके कर दिया। अभी तक इज्जतनगर मंडल की ओर से रेलखंड पर ट्रेन दौड़ाने की दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। जबकि मंडल के अन्य रूटों पर छह सितंबर से ट्रेन चलाने का निर्णय ले लिया है।
ट्रेन न चलने से यात्री परेशान
शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड पर ट्रेन न चलने से निगोही, बीसलपुर बरखेड़ा, पीलीभीत, टनकपुर तक यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री कुनाल का कहना है कि पीलीभीत रूट पर जल्द से जल्द ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए, जिससे यात्रियों को सफर करने में आसानी हो सकेगी।
बरेली-पीलीभीत और टनकपुर लिए शुरू होगा ट्रेनों का संचालन
पूर्वोत्तर रेलवे ने बरेली-पीलीभीत और टनकपुर के लिए छह स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। ये ट्रेनें 14 से 16 सितंबर के बीच चलने लगेंगी, लेकिन पीलीभीत-शाहजहांपुर के बीच ट्रेन संचालन की घोषणा नहीं की गई है। सीआरएस निरीक्षण के बाद उम्मीद जगी थी कि अब यात्री ट्रेनों का भी इस रूट पर जल्द संचालन होने लगेगा।