शाहजहांपुर। प्लेटफार्म नंबर पांच से चलने वाली शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर मंगलवार को प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना हो गई। इसकी वजह से कुछ यात्री ट्रेन के आने का इंतजार ही करते रह गए। शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर के चलने का समय सुबह 7 बजे है। यह ट्रेन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच से रवाना होती है, लेकिन मंगलवार को लोको पायलट और स्टेशन अधीक्षक के बीच सामंजस्य न होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन को पांच नंबर की जगह एक नंबर प्लेटफार्म से रवाना कर दिया। ऐसे में यात्री पांच नंबर प्लेटफार्म पर ही इंतजार करते रह गए। बताया जाता है कि ट्रेन को पूर्वोत्तर रेलवे की सीमा में खड़ा करा दिया था। सुबह जब लोको पायलट स्टेशन पहुंचा, तो ट्रेन के निर्धारित स्थान पर खड़े न होने के कारण शंटिंग करने से इनकार कर दिया। मंडलीय अधिकारियों के हस्तक्षेप पर लोको पायलट ट्रेन को एक नंबर प्लेटफार्म पर ले गया और फिर आगे के लिए रवाना हो गया।
इसकी जानकारी रेल यात्रियों को नहीं हो सकी और वह ट्रेन का पांच नंबर प्लेटफार्म पर आने का इंतजार करते रहे।
स्टेशन अधीक्षक एके गौतम का कहना है कि ट्रेन कहीं से भी जाए, उसको जाना सीतापुर ही है। रेल यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है।