शाहजहांपुर में बहस्पतिवार को अंटा मार्ग पर लगा जाम में फंसा यातायात पुलिस कर्मी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस-प्रशासन का प्लान सिर्फ कागजों तक ही सीमित दिख रहा है। शहर की सड़कों पर रोजाना जाम लगता है। इसमें लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। सोमवार को दिनभर कई चौराहों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
बेरी चौकी की तरफ से कचहरी की तरफ आने वाली सड़क पर बृहस्पतिवार को लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। जल्दी निकलने के चक्कर में कुछ वाहन सवारों ने आगे जाकर वाहन फंसा दिए तो जाम की समस्या बढ़ गई।
इसके बाद पुराने अस्पताल के पास अंटा चौराहा आने वाले रास्ते पर जाम लग गया। इसी रास्ते पर कुछ दूर पर अंटा चौराहा के पास भी लंबा जाम लगा रहा। जाम को खुलवाने के लिए यातायात टीम से लेकर स्थानीय थाने की पुलिस भी नदारद रही। करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसने के बाद किसी तरह निकलने में कामयाब हुए।
-----------
सपा की रैली से भी स्थिति हुई खराब
बृहस्पतिवार को सपा ने साइकिल रैली निकाली। जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने अपने वाहन और रैली के लिए लाई गईं साइकिलों को रोड पर खड़ा कर दिया। जिससे वाहन फंसने लगे, कुछ ही देर में कार्यालय के पास दोनों ओर लंबा जाम लग गया। साइकिल रैली की एक दिन पहले पुलिस प्रशासन को भी सूचना दी गई थी। इसके बावजूद जाम न लगने देने की कोई तैयारी नहीं की थी। संवाद