देवी प्रसाद स्कूल मार्ग से होमगार्ड के सामने ही बिना हेलमेट लगाए बाइक से जाते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से 22 से 28 जुलाई तक सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को भी वाहन चालकों से यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही चेकिंग कर चालान भी किए गए। इसके बावजूद तीन सवारियों और बगैर हेलमेट के घूमने वालों पर प्रतिबंध लगता नहीं दिखा।
----
नहीं लगा था हेलमेट : मालखाना मोड़ से घंटाघर की ओर जाने वाले मार्ग से गुजरते बाइक सवार के सिर पर हेलमेट नहीं था। यातायात नियमों का पालन न करने पर उन्हें किसी ने रोका और टोका नहीं।
----
एक मोपेड पर तीन लोग, हेलमेट भी नहीं : कच्चा कटरा मोड़ पर एक मोपेड पर तीन सवारियां बैठी दिखीं। इनमें में किसी के सिर पर हेलमेट नहीं था। किसी को इस बात से कोई सरोकार नहीं था कि यातायात नियमों का पालन करना है।
----
यहां भी यातायात नियमों का उल्लंघन : घंटाघर रोड पर तीन युवक एक मोपेड पर घूमते दिखे। तीनों ही बगैर हेलमेट के थे। मोपेड पर आगे वाटर कूलर भी रखा हुआ था। उनको भी यातायात पुलिस व होमगार्ड ने रोकने का प्रयास नहीं किया।
-----
यहां तो एक वाहन पर पांच सवार : बेरी चौकी से देवी प्रसाद स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोटरसाइकिल पर पांच लोग सवार दिखे। जिनमें तीन पुरुष व दो छोटे बच्चे थे। बाइक पर बैठा होमगार्ड यह देखता रहा। यहां भी टोकने की जरूरत नहीं समझी गई।
-
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ ही हेलमेट व सीट बेल्ट की चेकिंग भी की जा रही है। सोमवार को भी 100 से ज्यादा लोगों को चालान किया गया। लोग जागरूक हो, यही अभियान का उद्देश्य है।
- शांति भूषण पांडेय, एआरटीओ प्रवर्तन