शाहजहापुर में रविवार को भीषण गर्मी व तेज धूप के दौरान गोविंदगंज बाजार में पसरा सन्नाटा । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पिछले दो दिन की तरह रविवार को भी सुबह से आसमान साफ होने के कारण धूप अपने तेवर दिखाने लगी। दोपहर तक इतनी प्रचंड गर्मी हुई कि थर्मामीटर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के औसत उच्चतम बिंदु से एक डिग्री ऊपर पहुंच गया। रात में न्यूनतम तापमान भी 0.7 डिग्री बढ़कर 26.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि, दो सप्ताह पहले अधिकतम तापमान इससे भी अधिक हो चुका है, लेकिन चार दिन पहले बारिश के बाद से दिन और रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ गई थी। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार वायुदाब में कमी का स्तर कम होने से हवा की गति बढ़ रही है जो अगले दो दिन में लू का रूप ले सकती है।
बता दें कि गत 29 व 30 अप्रैल को तेज धूप के साथ गर्म पछुआ हवाएं चलने से दिन में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। तीन मई को बादल छाने पर धूप की तेजी में कमी आई तो अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री गिरावट आ गई। अगले दिन शाम से पांच मई की भोर तक बूंदाबांदी और बारिश से हवा में नमी बढ़ी तो दिन में अधिकतम तापमान घटकर 36 डिग्री हो गया। तभी से दिन में थर्मामीटर का पारा 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच झूलता रहा।
गत बुधवार की शाम दोबारा आठ मिमी पानी बरसा तो जनजीवन को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन अगले दिन से धूप निकलनी शुरू हुई तो इतनी उमस बढ़ गई कि अधिकतम तापमान सामान्य से कम होने पर भी लोगों को गर्मी बेचैन करती रही। इस दौरान छायादार स्थानों पर भी जमीन से गर्माहट उठती महसूस होती रही।
इधर, दो दिन से आसमान साफ होने पर धूप तेज हुई तो आर्द्रता में कमी आने से गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। रविवार को अवकाश के दिन भी अधिकांश लोग सुबह से शाम तक घरों में बने रहे। इस कारण बाजार में सड़कों से लेकर दुकानों तक सूनापन हावी रहा। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार लगातार तेज धूप से हवा भी गर्म हो रही है जो अगले एक-दो दिन में लू जैसा असर दिखाएगी।