तिलहर में हाईवे तिराहे पर दुकान में घुसा कैंटर, क्षतिग्रस्त हुई अल्टो और मारुति वैन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। टेंपो लदा कैंटर वाहन शुक्रवार दोपहर लकड़ी भरे ट्रक से टकराने के बाद सड़क किनारे एक दुकान में घुस गया। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी ऑल्टो कार और वैन में भी टक्कर लग गई। दुकान के अंदर बैठे वेल्डिंग मिस्त्री ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में कैंटर चालक घायल हो गया। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे के बाद जाम लग गया। पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया।
नगर के पूर्वी हाईवे तिराहे के पास दोपहर लगभग डेढ़ बजे हरिद्वार से टेंपो से भरी गाड़ी लेकर चालक गाजीपुर के गांव मैनपुर निवासी सर्वानंद सिंह लातूर, महाराष्ट्र जा रहा था। इसी दौरान चालक सर्वानंद को झपकी आ गई। उसकी गाड़ी डिवाइडर पार करके दूसरी ओर सामने से आ रहे लकड़ी से भरे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद कैंटर चालक ने गाड़ी बायीं दिशा की ओर मोड़ी तो सड़क के किनारे एक दुकान में घुस गई। दुकान के बाहर खड़ी कार और वैन क्षतिग्रस्त हो गई।
दुकान में वेल्डिंग कर रहा आरिफ भाग खड़ा हुआ। कार मिस्त्री मतलूब की कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। मतलूब ने बताया कि वह नमाज पढ़ने गया था। वरना वह भी चपेट में आ सकता था। सूचना पर सीओ अरविंद कुमार और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने 20-25 मिनट तक लगे रहे जाम को खुलवाया। घायल सर्वानंद को सीएचसी भेजा।