रौसरकोठी। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के रौसर कोठी निवासी रामरूप एक पैर से दिव्यांग हैं। रामरूप पत्नी व बेटी के साथ शाहजहांपुर-हरदोई स्टेट हाईवे पर लालबाग के पास सड़क किनारे झोंपड़ी डालकर रह रहे थे। वहीं एक लकड़ी का खोखा रखकर चाय बेचकर गुजारा करते थे। सोमवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे रामरूप की दुकान में अचानक किसी तरह आग लग गई। इससे घर और दुकान सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची रिलायंस पॉवर परियोजना की फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। रामरूप ने बताया कि चाय बनाने के लिए आज ही 25 किलो चीनी मंगवाई थी। आग से दुकान में रखा पान मसाला, बिस्किट, नमकीन, खोखा, तख्त, सोलर पैनल की प्लेट, पंखा, कपड़े, बिस्तर सब जल गया। नुकसान देखकर रामरूप की पत्नी गुड्डी देवी बेहोश हो गई। रामरूप भी बिलखने लगा। गुड्डी देवी ने बताया कि एक साल पहले इसी तरह उनकी झोंपड़ी भी जलकर राख हो गई थी। संवाद