शाहजहांपुर। आर्य महिला डिग्री कॉलेज में साइबर क्राइम व सोशल मीडिया एकाउंट को हैकर्स से बचाने के लिए छात्राओं को टिप्स दिए। मुख्य अतिथि आईपीएस सीओ सिटी सरवणन टी. ने छात्राओं से कहा कि लाइक और फॉलोवर बढ़ाने के चक्कर में साइबर ठगों से बचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए पुलिस हर पल तत्पर है। कोई भी समस्या होने पर 112 नंबर डॉयल करने पर दस मिनट में पुलिस आप तक पहुंच जाएगी। डरने की नहीं, बल्कि खुलकर बात कहने की जरूरत है।
सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आर्य महिला डिग्री कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीओ सिटी सरवणन टी. ने दीप जलाकर किया। शिक्षिका सुकन्या तिवारी, छात्रा अंशिमा, संदली, सुनैना, आस्था, कनक ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सीओ सिटी ने कहा कि साइबर अपराधियों ने अपराध करने का तरीका बदल दिया। वर्तमान में फेक एकाउंट का बाजार में खूब चलन है। इससे बचने के लिए सावधानी बरतना है। पहले रुपये के लालच में मनुष्य धोखाधड़ी का शिकार होता था। अब सोशल मीडिया एकाउंट पर लाइक और फालोवर बढ़ाने के लालच में युवा साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया एकाउंट पर अंजान व्यक्ति को दोस्त नहीं बनाने पर जोर दिया। कहा कि हैकर महिला के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर युवतियों को निशाना बनाते हैं। मेसेंजर के जरिये कोई रुपये मांगे तो संबंधित दोस्त को कॉल कर एक बार जरूर पुष्टि कर लें। कहा कि ओटीपी को किसी से शेयर न करें। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 155206, वीमेन पॉवर हेल्पलाइन नंबर 1090, डॉयल 112 के बारे में जानकारी दी। इस बीच छात्राओं ने सोशल मीडिया से संबंधित कई सवाल पूछे।
इस पर सीओ ने एक शिक्षक की तरह उन्हें समझाया। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 112 पर कभी भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सदर बाजार थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता ने छात्राओं को विपरीत हालात में डरने के बजाय डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया। कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है। डॉ. संतोष सक्सेना ने संचालन किया और प्राचार्य डॉ. कनक रानी ने अभार व्यक्त किया।
अपराध करने का बदल गया तरीका
वर्तमान में अपराध का तरीका बदल गया। अब अपराधी तमंचा दिखाकर नहीं लूटते हैं, बल्कि कहीं भी बैठकर बैंक खाता खाली कर देते हैं। इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी बातों को ध्यान मेें रखकर साइबर अपराध से बचा जा सकता है। - नैंसी कटियार
मेसेंजर हैक करने वालों से सावधान रहें
-सबसे ज्यादा सोशल मीडिया पर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। फेसबुक के मेसेंजर हैक करने के बाद रुपये मांगने की बातें आम हो गईं। कोई भी रुपये मांगे तो बिल्कुल न दें। किसी के बहकावे में आने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। सावधानी बरतकर हैकर्स से निपटा जा सकता है। - वर्षा कटियार
अंजान व्यक्ति को दोस्त न बनाएं
-फेसबुक पर अंजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट किसी भी हाल में स्वीकार न करें। उसे अपनी मित्रता सूची में शामिल न करें। ऐसा पुलिस ने भी कई बार कार्यक्रमों में बताया। अज्ञात व्यक्ति की वीडियोकॉल को रिसीव करना खतरनाक हो सकता है। सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। महविश
लालच में न आएं
लाभ प्रदान करने वाली योजनाओं के लालच में बिल्कुल न पड़ें। आमतौर पर विभिन्न तरह के लाभ दिखाकर लिंक भेजे जाते हैं। उसके जरिये हैकर्स बैंक खाते तक पहुंच जाते हैं। ऐसे लिंक पर बिल्कुल भी क्लिक न करें। खाते से रुपये गायब होने के कई मामले सामने आ चुके हैं। - सरगम वर्मा
मोबाइल एप से दूरी बनाएं
जागरूक रहकर ही साइबर अपराध से बचा जा सकता है। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की भरमार है। कई तरह के मोबाइल एप हैं। इसके चलते व्यक्तिगत सूचनाएं भी हैकर तक पहुंच जाती हैं। ऐसे मोबाइल एप से दूर रहने की जरूरत है। मोबाइल का उपयोग सावधानी से करना चाहिए। - सुधा देवी
पैटर्न लॉक का इस्तेमाल करें
मोबाइल काफी उपयोगी है तो नुकसानदायक भी है। मोबाइल में फोटो व जरूरी डाटा का प्रयोग रखने वालों को पैटर्न लॉक का इस्तेमाल करना चाहिए। पुलिस और आईटी एक्सपर्ट भी यही राय देते हैं। मोबाइल की सुरक्षा के लिए खासकर लड़कियों को पैटर्न लॉक जरूर डालना चाहिए। - ज्योत्सिना पांडेय
हेल्पलाइन के नंबर काफी उपयोगी
पुलिस के हेल्पलाइन नंबरों के बारे में पता चला है। टोल फ्री नंबरों के जरिये आसानी से पुलिस तक अपनी आवाज पहुंचाई जा सकती है। प्रत्येक छात्रा को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी होना चाहिए। इससे जरूरत पड़ने पर काम आ सकें। डॉयल 112 से 10 मिनट में मदद मिल जाती है। -संगम कटियार
पुलिस के पत्रक में दी जरूरी जानकारी
साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने जागरूक करने वाला पत्रक जारी किया है। कॉलेज से व्हाट्सएप ग्रुपों पर पत्रक भेजा है। इसमें साइबर अपराध से बचने के लिए काफी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इन छोटी बातों को ध्यान में रखकर धोखेबाजों से बचा जा सकता है। - उन्नति रस्तोगी
शाहजहांपुर के आर्य महिला महाविद्यालय में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला मे?- फोटो : SHAHJAHANPUR