सदर पुलिस की गिरफ्त में ठगी करने के सात आरोपी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लिफाफा बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के सात लोगों को एसओजी व सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो लाख के सोने के आभूषण, नकदी, कार और आठ फोन बरामद किए हैं। बरेली निवासी ठगों ने 11 जिलों में 35 से 40 वारदातों को अंजाम दिया है।
लगातार ठगी की वारदात होने पर एसपी एस. आनंद ने खुलासे के लिए एसओजी को लगाया था। एसपी एस. आनंद ने बताया कि एसओजी व सदर पुलिस ने अंतरजनपदीय गैंग के सरगना खुर्शीद खां निवासी मोहल्ला बान खाना थाना प्रेमनगर जिला बरेली, मोबिन निवासी मोहल्ला स्वाले नगर रामपुर रोड किला बरेली, मुस्तकीम निवासी महेसपुरा मठिया सीबीगंज बरेली, इमरान उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला अहमद अली तालाब थाना कोतवाली बरेली, सानू सिंह व ईशान खां निवासी मोहल्ला छीपी टोला थाना किला बरेली और शावेज खान निवासी गली मोचियान थाना कोतवाली बरेली को गिरफ्तार किया।
इमरान निवासी चौधरी तालाब थाना किला व शावेज खान निवासी गली मोचियान थाना कोतवाली बरेली भाग गए। एसपी ने बताया कि 28 मई की शाम को गैंग की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड से ठगों को गिरफ्तार किया। कॉल डिटेल में तीन महीने में 80 जगह पर ठगों की लोकेशन मिली थी। अप्रैल में रोडवेज और पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह 11 जिलों में 35 से 40 वारदातों को अंजाम दे चुका है।
ऐसे करते थे वारदात
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे महिलाओं व बुजुर्गों को रोडवेज से कम किराये पर गंतव्य तक छोड़ने की बात कहकर ठगी का शिकार बनाते थे। गिरोह के सदस्य बैंक की गाड़ी बताकर सवारियों को बैठाने से पहले जेवर व नकदी रखने के लिए लिफाफे देते थे। नजर बचाकर कंकड़ भरा लिफाफा देकर भाग जाते थे। संदिग्धों की फोटो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। पुलिस तक मामला पहुंचने से पहले ही गैंग जिले की सीमा से बाहर निकल जाता था।