अल्हागंज (शाहजहांपुर)। कन्नौज जिले की छिबरामऊ निवासी मोहम्मद अजान (17) और उसके फुफेरे भाई फराद (16) की अल्हागंज थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई नदी में डूब रहे बच्चे बचाने के लिए नदी में घुसे थे। गहरे पानी में चले जाने की वजह से दोनों डूब गए। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव मऊ शाहजहांपुर में 30 व 31 मई को रोशन मियां की मजार पर सालाना उर्स का आयोजन होता है। इस दौरान मेला भी लगता है। शनिवार शाम मेला देखने को कन्नौज के छिबरामऊ निवासी असलम का बेटा मोहम्मद अजान मऊ शाहजहांपुर में अपने फूफा नुसरत के यहां आया था। रविवार सुबह करीब नौ बजे अजान अपने फुफेरे भाई फराद के साथ गांव के पास रामगंगा नदी किनारे टहलने चला गया था। दोनों भाई नदी किनारे बैठकर बातें कर रहे थे।
तभी नदी में नहा रहे गांव के ही बच्चों में से एक डूबने लगा। यह देख दोनों भाइयों के अलावा अन्य लोग भी नदी में घुस गए। डूबते बच्चे को बचा तो लिया गया, लेकिन दोनों भाई गहराई में चले जाने से डूब गए। इस बात की जानकारी परिजन व ग्रामीणों को हुई तो दोनों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोने के शव बाहर निकाले जा सके। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजन ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
दोनों ने साथ दी थी इंटरमीडिएट की परीक्षा
अजान और फराद ने इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा साथ-साथ दी थी। फराद ने छिबरामऊ निवासी अपने मामा के यहां रहकर ही इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। साथ-साथ पढ़ाई करने वाले भाई आपस में गहरे दोस्त बन गए थे। परिजन के अनुसार, अजान को उर्स के बजाय अपने दोस्त से मिलने की इच्छा यहां तक खींच लाई। अजान तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था, जबकि फराद दो भाइयों में बड़ा था। इस अनहोनी से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उर्स के चलते नुसरत का घर मेहमानों से भरा हुआ था। पूरे गांव में मेले को लेकर काफी तैयारी की गई थी, लेकिन नदी में अजान और फराद के डूबने के कारण गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
साल का बालक बहगुल नदी में डूबा
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। अपने नाना-नानी के साथ खेत पर गया सात साल बच्चा अभिषेक बहगुल नदी में डूब गया। गांव खंडहर निवासी रामबरन कश्यप की बेटी माधुरी की शादी मिर्जापुर क्षेत्र के गांव बेहटा जंगल निवासी सत्यवीर के साथ हुई थी। करीब छह दिन पहले माधुरी मायके से ससुराल चली गई, जबकि उनका बेटा अभिषेक ननिहाल में ही रुक गया था। शनिवार दोपहर रामबरन पत्नी के साथ खेत पर जा रहे थे। अभिषेक के जिद करने पर वह उसे भी साथ ले गए।
गांव के पास ही बहगुल नदी के पार उनके खेत है। नदी पार करने के बाद नानी ने अभिषेक को नदी में नहलाया। इसके बाद दोनों काम में लग गए। कुछ देर बाद अभिषेक चुपके से फिर से नदी में नहाने चला गया। अभिषेक को डूबता देखकर लोग शोर मचाते हुए भागे। तब तक वह डूब चुका था। गांव के तैराकों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम को उसके शव को नदी के बाहर निकाला जा सका। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। संवाद
फराद का फाइल फोटो- फोटो : SHAHJAHANPUR