बंडा। महिला अपराधों पर पुलिस की असंवेदनशीलता का एक और मामला सामने आया है। बंडा पुलिस चार दिन से दुष्कर्म पीड़िता को टरका रही है। पुलिस के अनुसार मामले में जांच की जा रही है, लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस की जांच पूरी नहीं हो पा रही है।
बंडा क्षेत्र के व्यक्ति के अनुसार चार सितंबर को उनकी 14 वर्षीय पुत्री खेत पर गोबर डालकर घर लौट रही थी। तभी एक गांव का युवक रास्ते में मिला और शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी देता हुआ उनकी पुत्री को गन्ने के खेत में ले गया। आरोपी ने पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह किशोरी ने शोर मचाया तो आरोपी कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी देता हुआ भाग गया।
किशोरी ने घर आकर घटना की जानकारी दी। पिता के अनुसार वह घटना के दिन ही पुत्री को लेकर बंडा थाने गया और नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए उनकी रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। वह चार दिन से बंडा थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन पुलिस जांच की बात कहते हुए टरका देती है।
पीड़ित का कहना कि आरोपी कह रहा है कि उस पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ित पक्ष को धमकी देता घूम रहा है, इससे किशोरी और उसका परिवार बहुत परेशान है।
इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। बंडा के थाना प्रभारी से मामले की जानकारी ली जाएगी और तहरीर के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
बीएस वीरकुमार, सीओ पुवायां