खुटार पूरनपुर रोड पर जाम लगाए किसान
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। लखीमपुर खीरी की घटना से आक्रोशित किसानों ने खुटार में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर लौहंगापुर में और बंडा थाना क्षेत्र में शाहजहांपुर-पीलीभीत की सीमा पर खन्नौत नदी के पुल पर जाम लगा दिया है। दोनों ही जगह वाहन जाम में फंस गए हैं। एसपी भी खुटार थाने पहुंच गए हैं। दोनों स्थानों पर कई थानों की फोर्स मौजूद है।
रविवार रात किसानों ने सबसे पहले खुटार पूरनपुर मार्ग पर गांव लौहंगापुर के पास जाम लगा दिया। इससे वाहनों के पहिये थम गए। सूचना मिलते ही एसडीएम सतीश चंद्रा, सीओ बीएस वीरकुमार मौके पर पहुंचे। किसानों के आक्रोश को देखते हुए कई थानों की फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। बाद में एसपी एस. आनंद भी खुटार थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। किसानों की मांग है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा इस्तीफा दें और उनके साथ ही गृह राज्यमंत्री के पुत्र और घटना में शामिल लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
पुलिस प्रशासन खुटार में मामले की संभालने का प्रयास कर ही रहा थी कि सूचना मिली कि बंडा और बिलसंडा थाना क्षेत्र की सीमा पर बंडा में खन्नौत नदी के पुल पर किसानों ने जाम लगा दिया है। जाम लगाए किसान काफी उग्र हैं और दोनों ही जगहों पर भीड़ बढ़ती जा रही है। खुटार में मीडियाकर्मियों से भी बदसलूकी की गई और मोबाइल छीन लिए गए। हालांकि बाद में लोगों ने मोबाइल वापस दिलाए।
अजीत सिंह लखीमपुर निकले
खुटार में जाम के दौरान भाकियू टिकैत गुट के उत्तर प्रदेश तराई और उत्तराखंड अध्यक्ष अजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और कहा कि भाजपा की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद वह लखीमपुर के लिए रवाना हो गए।
खुटार में दो किमी और मकसूदापुर में एक किमी तक लगा जाम
खुटार में किसानों के जाम करने के बाद पूरनपुर खुटार मार्ग पर रात साढ़े नौ बजे तक दो किमी लंबी जाम लग गया है। मकसूदापुर में भी एक किमी लंबा जाम लग गया है। जाम में तमाम वाहन फंस जाने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।