शाहजहांपुर। कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार रात बाइक और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके साथी को मामूली चोट आई। गांव हारकटेटा शुक्लामई के मूल निवासी पूर्व प्रधान सत्येंद्र सिंह यादव परिवार सहित मोहल्ला प्रतापनगर में रहते है। रात करीब नौ बजे सत्येंद्र का बेटा 22 वर्षीय शरद यादव अपने मित्र अखिल सक्सेना के साथ बाइक से दूसरे दोस्त के पास जा रहा था।
जब बाइक फर्रुखाबाद हाईक्वे पर बालाजी मंदिर के पास थी, तभी भूसा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के साइड से लग गई। असंतुलित होकर बाइक गिर गई और शरद के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल अखिल को सीएचसी भिजवाया। शरद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था व बीएससी के बाद कम्पटीशन की तैयारी कर रहा था। पूर्व प्रधान व अन्रू लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। थाना प्रभारी कमल कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है।