निगोही चौराहे पर संयुक्त किसान मोर्चा ने जाम लगा दिया।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही (शाहजहांपुर)। संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर में हुए बवाल के विरोध में सोमवार सुबह करीब नौ बजे जाम लगा दिया। बाद में शासन की ओर से मांगें मान लिए जाने पर जाम खोला गया। इस दौरान कई रूट पर चार घंटे जाम लगा रहा।
किसान संयुक्त मोर्चा के बैनर तले किसानों ने सुबह करीब नौ बजे निगोही चौराहे पर जाम लगा दिया। सड़क पर तमाम किसान बैठने से चारों ओर का ट्रैफिक थम गया। पुवायां, निगोही, तिलहर, पीलीभीत-शाहजहांपुर को जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाइक सवार किसी तरह रास्ता बदलकर गांवों से होते हुए निकले। महिलाएं और बच्चे पैदल कड़ी धूप में चलते नजर आए। निगोही थाने के कार्यवाहक प्रभारी दिलीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बात करने का प्रयास किया।
किसानों ने पुलिस से बात करने से इनकार करते हुए कहा कि उनके शीर्ष नेता जैसा निर्णय करेंगे, वैसा वे लोग करेंगे। धरने का नेतृत्व कर रहे कुलतार सिंह ने कहा कि किसानों के साथ हुई हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, वरना किसान आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
भाजपा सरकार में किसानों पर अत्याचार हो रहे हैं। लखीमपुर में किसान नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता होने के बाद दोपहर लगभग एक बजकर 20 मिनट पर धरना खत्म कर दिया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और यातायात सुचारु हो सका। धरना प्रदर्शन के दौरान सुखविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, दिलबाग सिंह, कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।