पुवायां में जर्जर हालात में भैंसी नदी का पुल। संवाद
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। कई वर्षों से पुवायां में भैंसी नदी और सिंधौली में खन्नौत नदी के जर्जर पुलों से राहगीरों को छुटकारा मिल जाएगा। विधायक चेतराम के मांगपत्र को स्वीकार करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पीडब्ल्यूडी से एस्टीमेट रिपोर्ट मांग ली है। पीडब्ल्यूडी की ओर से रिपोर्ट भेजे जाने के बाद बजट का आवंटन होने पर जल्द ही नए पुलों का निर्माण हो जाएगा।
शाहजहांपुर से पलिया तक जाने वाले लोगों को सिंधौली में खन्नौत नदी के संकरे पुल और पुवायां में भैंसी नदी के जर्जर पुल से निकलने में कई वर्षों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में कई जनप्रतिनिधियों ने पत्राचार किया, लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हो सकी। गत दिनों विधायक चेतराम ने दिल्ली जाकर सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करते हुए एक मांगपत्र सौंपा था। विधायक ने पत्र में बताया था कि शाहजहांपुर से पलिया तक हाईवे का निर्माण होना प्रस्तावित है, लेकिन उसमें तमाम कार्रवाई पूरी होने के बाद निर्माण शुरू हो सकेगा। इसमें ज्यादा समय लगने से सिंधौली में खन्नौत नदी और पुवायां में भैंसी नदी पर बने जर्जर पुल के निर्माण कार्य में भी देरी हो रही है।
उन्होंने कहा था कि हाइवे का निर्माण बाद में हो जाए, लेकिन दोनों जर्जर पुलों का निर्माण पीडब्ल्यूडी से ही पहले करा दिया जाए, जिससे जनता को परेशानी से निजात मिल सके।
विधायक के पत्र पर मंत्रालय की ओर से पुल निर्माण को हरी झंडी देते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग से दोनों पुलों की प्राक्कलन रिपोर्ट मांग ली है। मंत्रालय की ओर से इस आशय का पत्र विधायक को भेजते हुए प्राक्कलन रिपोर्ट मिलने के बाद बजट का आवंटन करते हुए जल्द निर्माण कराने की बात कही गई है। इन दोनों पुलों का निर्माण होने से क्षेत्र की जनता की बड़ी समस्या का निराकरण हो जाएगा।
-
चेतराम विधायक पुवायां
मैंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करके पुलों की समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने पुलों को स्वीकृति देते हुए जल्द निर्माण कराते हुए समस्या हल करने की बात कही थी। पुलों की स्वीकृति देते हुए जल्द निर्माण होने की बात कही गई है। दोनों पुलों के निर्माण से पूरे जनपद की जनता को लाभ मिलेगा।
-चेतराम, विधायक, पुवायां