जलालाबाद कोतवाली में रोते-बिलखते मृतक के परिजन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। नगर के मोहल्ला गौसनगर निवासी कारचोबी कारीगर शाकिर का शव शाहजहांपुर रोड से सुजावलपुर गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान नहीं थे। काफी देर बाद मृतक की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन ने रुपयों के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
नगर के मोहल्ला गौसनगर निवासी अमजद के सात बेटों व दो बेटियो में चौथे नंबर का 39 वर्षीय शाकिर कारचोबी का काम करता था। परिजन के अनुुसार, सुबह करीब नौ बजे नगर के तीन दोस्त घर से शाकिर को बुला ले गए थे। दोपहर तक वापस न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। देर शाम पुलिस को सुजावलपुर गांव को जाने वाले रास्ते पर शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव की शिनाख्त के प्रयास किये, पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस बीच किसी ने शव का फोटो लेकर फेसबुक पर डाल दिया, जिसे पहचानने के बाद परिजन कोतवाली पहुंचे। मृतक की बहन नाजरा ने पुलिस को बताया कि उसके भाई के पास करीब 15 हजार रुपये थे, जिसकी जानकारी उसके दोस्तों को थी। आरोप है कि रुपयों के लिए दोस्तों ने उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नही मिली है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
कारचोबी कारीगर शाकिर- फोटो : SHAHJAHANPUR