शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा में चल रही रामलीला के दौरान डांस पार्टी के आयोजन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसकी शिकायत एसपी ग्रामीण से की गई है। एसपी ग्रामीण ने सीओ तिलहर को जांच के आदेश दिए हैं।
मीरानपुर कटरा में रविवार को रामलीला के मंच पर फिल्मों गीतों पर नाच रही युवतियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचने के बाद अब जांच की जाएगी। रामलीला मेला इंचार्ज सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि डांस पार्टी का आयोजन नहीं किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है।
वहीं एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि उनके पास डांस पार्टी के कुछ वीडियो आए हैं। इसकी जांच के लिए सीओ तिलहर परमानंद पांडेय से कहा गया है। जांच के बाद आपत्तिजनक बात सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम तिलहर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुमति दी गई है। डांस पार्टी की अनुमति नहीं है। पुलिस की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।