सौम्य और विनम्र स्वभाव था मानवेंद्र सिंह की पहचान
हर वर्ग के लोगों के बीच मानवेंद्र सिंह अपने सौम्य स्वभाव और बेदाग छवि के चलते लोकप्रियता रखते थे। उनके निधन के बाद जिले की राजनीति के एक युग का अवसान हो गया। शाम को उनका पार्थिव शरीर कैंट स्थित डाकबंगला आवास पर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
चार जनवरी 1959 को जन्मे मानवेंद्र सिंह ने राजनीति की शुरुआत छात्र संघ से की थी। वर्ष 1977-78 में वह एसएस कॉलेज के छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित बताते हैं कि जिला परिषद का सदस्य चुने जाने के बाद छोटे बाबा जयेंद्र प्रसाद चेयरमैन चुने गए थे।
उनके इस्तीफा देने के बाद 1991-92 में मानवेंद्र सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी उत्तीर्ण मानवेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री के सलाहकार रहे जितेंद्र प्रसाद उर्फ बाबा साहब का सानिध्य पाकर राजनीति में मजबूत पकड़ बना ली थी। मानवेंद्र लगातार करीब 15 वर्ष तक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे। शहरी और ग्रामीण इलाके में उनकी मजबूत पकड़ थी।
उनके विनम्र स्वभाव के चलते दूर-दूर के लोग उनसे जुड़े थे। मानवेंद्र ने भाजपा के सिंबल पर दो बार चुनाव जीतने के बाद भी सत्ता के अहम को हावी नहीं होने दिया। वह अपने घर के बरामदे में आम लोगों के लिए हर समय उपलब्ध रहते थे। वह अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी, बेटे अरविंद सिंह, विमल सिंह, अनुज सिंह व बेटी मंजू सिंह को छोड़ गए हैं।