गंगा के खादर में बसे गांव पंखिया नगला में खाना बनाते समय अचानक लगी आग में दो छप्परदार घर जलकर राख हो गए। दोनों घरों में आग से लगभग 50 हजार के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
पैलानी उत्तर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान शिवकुमार सिंह ने बताया कि बुधवार सायं मजरा पंखिया नगला में बाबू की पत्नी चूल्हे पर खाना बना रही थी कि अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी से उसके छप्पर में आग लग गई। पड़ोसी जब तक आग पर काबू पाते तब तक आग ने पड़ोसी नन्हें के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों घरों में गृहस्थी का सबकुछ सामान जलकर राख हो गया। अग्नि पीड़ित बाबू ने बताया कि उसके घर में रखे दस हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए हैं।
पूर्व प्रधान ने बताया कि यह दोनों अग्नि पीड़ित गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे पड़े सरकारी सहायता की बाट जोह रहे हैं। फिलहाल गांव के लोग अग्नि पीड़ितों के भोजन व कपड़ों की व्यवस्था कर रहे हैं। पूर्व प्रधान ने तहसील प्रशासन से अग्नि पीड़ितों को शीघ्र आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।