सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के एक युवक ने घरेलू कलह के चलते बृहस्पतिवार को रात 12 बजे के करीब ट्रेन से कटकर जान दे दी। युवक के ट्रेन से कटने पर जीआरपी ने सेहरामऊ दक्षिणी थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले आई।
सेहरामऊ के रहने वाले शिवशंकर दीक्षित ने बताया कि उनका बड़ा बेटा कौशल कुमार (25) नशा करने का आदी हो गया था। अक्सर नशे के लिए रुपये मांगता था, न मिलने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाता था। बृहस्पतिवार रात को भी कौशल झगड़ा कर रहा था। इस पर शिवशंकर ने उसे डांट दिया। जिससे वह घर से चला गया। शिवशंकर और उनके बेटे विपिन, राहुल, मदन और अन्य घरवालों ने रात में खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह गांववालों ने बताया कि कौशल ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कहिलिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित अकबरपुर गांव के सामने पड़ा है। मौके पर पहुंचे शिवशंकर ने बेटे की शिनाख्त की। जीआरपी ने शव को सेहरामऊ दक्षिणी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां से पुलिस जिला अस्पताल में लाई।