पुलिस ने लोडर वाहन से रोड होल्डअप करने वाले चार बदमाशों को लूट के माल समेत गिरफ्तार किया है। लूट में प्रयुक्त लोडर वाहन जलालाबाद के एक चर्चित सपा नेता के भतीजे का बताया जाता है, जबकि एक बदमाश भी सपा के कद्दावर नेता के मकान में किराएदार है।
लूट का शिकार हुए संभल जिले के थाना सैदनगला के गांव गैलुआ निवासी ट्रक स्वामी/ चालक विजयपाल सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह शुक्रवार को हापुड़ से अपने ट्रक में गुड़ भरकर पश्चिमी बंगाल प्रांत के कूंच बिहार नगर के लिए जा रहा था। बदायूं-जलालाबाद रोड पर रात करीब साढ़े दस बजे वह मिर्जापुर थाने से लगभग एक किमी. आगे निकल पाया था कि सामने से आ रही मैक्स लोडर गाड़ी रोड ब्लाक कर खड़ी हो गई। उसके ट्रक रोकते ही उक्त वाहन से उतरे दो युवक तमंचे लेकर ट्रक के सामने खड़े हो गए, जबकि दो युवक उसके ट्रक से गुड़ उतारने लगे। ट्रक में बैठे चालक के पुत्र अभिजीत के विरोध करने पर बदमाश ने अभिजीत को चाकू मारकर घायल कर दिया।
अभिजीत के शोेर मचाने पर तारापुर तिराहे पर पिकेट ड्यूटी कर रहे पुलिस कांस्टेबिल सत्यदेव यादव और होमगार्ड्स दिनेश हवाई फायरिंग करते हुए मौके पर आए, तभी बदमाश अपने वाहन से गांव तारपुर लिंक रोड पर भागे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा करते हुए घटना की सूचना एसपी व एसओ मिर्जापुर को दी। एसओ प्रदीप कुमार, सीओ जलालाबाद अशोक सिंह व इंस्पेक्टर जलालाबाद शक्तिसिंह ने चाराें बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने अपने नाम आजाद पुुत्र सत्यपाल यादव निवासी ग्राम सराय साधौ थाना जलालाबाद, मो.नदीम पुुत्र जलील अहमद निवासी मोहल्ला एमनजई जलालनगर थाना सदर बाजार शाहजहांपुर, धीरज सक्सेना पुत्र अवधेश मोहल्ला दिलाजाक शाहजहांपुर व धर्मेंद्र पुत्र ज्वाला प्रसाद निवासी ग्राम कटकिया थाना जलालाबाद बताए हैं।
बदमाशों की पैरवी में जुटे रहे कई नेता
पुलिस ने बताया कि बदमाश धर्मेंद्र जलालाबाद के चर्चित सपा नेता की गाड़ी चलाता है। लूट में प्रयुक्त मैक्स लोडर वाहन भी इसी सपा नेता के भतीजे शिवेंद्र सिंह यादव पुत्र सोबरन सिंह यादव निवासी मोहल्ला प्रतापनगर जलालाबाद का है, जबकि बदमाश मो. नदीम शाहजहांपुर शहर में एक कद्दावर सपा नेता के मकान में किराए पर रहता है। आजाद के कब्जे से एक तमंचा व कारतूस, मो. नदीम व अवधेश के कब्जे से एक-एक चाकू और लूटा हुआ गुड़ व लूट में प्रयुक्त मैक्स लाडर गाड़ी बरामद हुई है। गिरफ्तार बदमाशों की पैरवी लिए देर रात तक थाने में नेताओं के फोन घन घनाते रहे। चूंकि घटना की सूचना पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही सत्यदेव यादव ने एसपी समेत अन्य अधिकारियों को तुरंत दे दी थी। शायद इसीलिए पुलिस ने सीओ की मौजूदगी में बदमाशों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद अभियोग पंजीकृत कर दिया। इससे बदमाशों के लिए पैरवी सफल नहीं हो सकी।