जगेंद्र की अंत्येष्टि हो जाने के बाद भी कलक्ट्रेट में बुधवार को पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिसकर्मियों ने हालात पर नजर रखी। इस दौरान धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, विशाल दल और अन्य संगठनों के लोगों के प्रदर्शन की वीडियोग्राफी भी की गई। एलआईयू के साथ ही इस दौरान सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
जगेंद्र सिंह की मौत के बाद से प्रशासन और पुलिस सतर्कता बरत रही है। ऐसा इसलिए है कि जगेंद्र ने मंत्री के इशारे पर पुलिस पर आग लगाने का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दिया था। ऐसे में पुलिस किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती है। बुधवार को कलक्ट्रेट के अंदर, बाहर और आसपास पुलिस और पीएसी का कड़ा पहरा रहा।
दोनों मुख्य गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों की शरणस्थली बन चुके कलक्ट्रेट में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे और कलक्ट्रेट के अन्य सभी गेटों पर पुलिस का पहरा रहा। पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी शामिल थे, जो रबर, बुलेट, आंसू गैस के गोले एवं अन्य तैयारियां करके डटे रहे।