सेहरामऊ दक्षिणी के गांव हरिहरपुर में गीता को गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर खुदकुशी करने वाले रवींद्र के तमंचे को पुलिस तलाश रही है। तमंचा घटनास्थल से गायब हो गया था। उधर, पुलिस ने मृत रवींद्र पर आत्महत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि गांव हरिहरपुर में रविवार की शाम रवींद्र ने अपने साथी मैकू के साथ मिलकर सरला के घर में घुसकर उसकी विधवा बहन गीता के गोली मार दी थी, जिसमें गीता की मौत हो गई थी। इस मामले में सरला की तहरीर पर पुलिस ने रवींद्र और मैकू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस हत्यारोपियों को तलाश कर ही रही थी कि तभी सोमवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि रवींद्र जख्मी हालत में गांव से आधा किलोमीटर दूर पड़ा हुआ है। रवींद्र के दाहिनी कनपटी से ऊपर सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने बेहोशी की हालत में रवींद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान रात में उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस को घटनास्थल से तमंचा बरामद नहीं हुआ था। मौके पर 32 बोर का केवल एक कारतूस ही बरामद हुआ था।
पुलिस ने मंगलवार को घटना में प्रयुक्त तमंचा गांव में तलाश किया, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से तमंचा किसी ग्रामीण ने गायब कर दिया है। उधर, गांव की महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने मृत रवींद्र के खिलाफ धारा 309 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रेम-प्रसंग में हुई घटना
मृतक रवींद्र के पिता छुटकन्नू ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि गीता और रवींद्र के बीच कुछ दिनों से प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिससे नाराज होकर रवींद्र ने उसके गोली मार दी। गीता की मौत की खबर सुनने के बाद रवींद्र ने खुद को भी गोली मारकर खत्म कर लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि गीता और रवींद्र के लगी गोली एक ही तमंचे से चली है। दोनों में 32 का कारतूस इस्तेमाल किया गया है। तमंचा तलाश किया जा रहा है। रवींद्र के खिलाफ आत्महत्या करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
- वीरेंद्र सिंह चौहान, एसओ, सेहरामऊ दक्षिणी