गाजियाबाद में शराब पीने से मना करने पर गनमैन ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की सुबह शव घर पहुंचने पर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला हरदयाल कूंचा प्रथम निवासी राजेंद्र कुमार का 32 वर्षीय पुत्र आनंद मिश्रा और 30 वर्षीय शिवानंद मिश्रा गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करने गए थे। वहां रविवार रात शराब पीने से मना करने पर गनमैन, जलालाबाद के गांव चिरौली निवासी रामप्रताप, ने गोली मारकर शिवानंद की हत्या कर दी थी। गोली से शिवानंद के साथ काम करने वाला पुवायां के गांव उदना निवासी संदीप घायल हो गया था। गाजियाबाद पुलिस ने गनमैन रामप्रताप और उसके साले समरपाल को गिरफ्तार कर लिया था। घटना की जानकारी पाकर परिवार के लोग रविवार रात ही गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए थे। सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार की सुबह शव घर पहुंचा तो पिता राजेंद्र कुमार, मां मीना मिश्रा, भाई आनंद, सौरभ, गौरव सहित परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। दोपहर बाद गोमती नदी के पन्नघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।