निगोही में हुए हादसे में एक की मौत, दो जख्मी
निगोही रोड पर गांव गिरगिचा के पास डालमिया चीनी मिल के सामने बृहस्पतिवार देर रात कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार रोजा थर्मल पॉवर के तीन कर्मी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रोजा थर्मल पॉवर में असिस्टेंट ऑपरेशन मैनेजर 22 वर्षीय अंगद हाटेकर पुत्र भीमराम निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) के इंद्रप्रस्थ नगर अपने दोस्त राहुल यादव और पीयूष गंगवाल के साथ बृहस्पतिवार को कार से बरेली गए थे, वहां से लौटते समय निगोही रोड पर डालमिया चीनी मिल के पास उनकी कार के सामने कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में उनकी कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंगद को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर राहुल को बरेली रेफर कर दिया।, पीयूष मामूली रूप से घायल हैं। घटना की सूचना पर रिलायंस के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को तीनों दोस्तों की छुट्टी थी और वे बरेली में शॉपिंग करने गए थे। मृतक के परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। देर शाम तक उनके यहां पहुंचने की संभावना है।
आरसी मिशन क्षेत्र में दो रिलायंस कर्मी घायल
शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन क्षेत्र में लालबाग चौराहा के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दो रिलायंस कर्मी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रायबरेली के ऊंचाहार निवसी अवधेश कुमार रिलायंस थर्मल पावर में नौकरी करते हैं। सुबह करीब आठ बजे वह अपने साथी रमेश कुमार के साथ थर्मल पावर जा रहे थे। लालबाग चौराहा के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने कार चालक का पकड़ लिया है।