थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ककरा कलां बिजली सब स्टेशन में बुधवार की रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। ड्यूटी पर तैनात संविदा कर्मी अशोक कुमार और योगेश कुमार को बदमाशों ने लोहेे की रॉड और तमंचे की बटों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। उन्होंने स्पॉट बिलिंग सेंटर का ताला तोड़कर खूब तोड़फोड़ की। बदमाश संविदा कर्मियों से तीन मोबाइल और नगदी लूट ले गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ककरा कलां बिजली सब-स्टेशन में रात करीब तीन बजे छह-सात बदमाशों ने धावा बोल दिया। सब-स्टेशन कंट्रोल रूम में तैनात एसएसओ अशोक कुमार और योगेश कुमार (संविदा कर्मियों) को बदमाशों ने दबोच लिया। लोहे की रॉड और तमंचों की बटों से दोनों कर्मचारियों के मुंह और सिर पर हमला किया। साथ ही उनके मोबाइल, चार सौ रुपये और एक सरकारी मोबाइल भी लूट लिया। बदमाशों ने कंट्रोल रूम के पड़ोस में बने कमरे में तोड़फोड़ की, वहां खड़ी एक बाइक को भी तोड़ डाला। बदमाशों ने स्पॉट बिलिंग सेंटर का ताला तोड़ डाला और वहां रखे कैश बॉक्स को खंगाला, रुपये न मिलने पर कमरे में रखे कंप्यूटर और अन्य सामान को तोड़ डाला। तांडव मचाने के बाद बदमाश फरार हो गए। घायल योगेश ने किसी तरह सब-स्टेशन के बाहर निकलकर पड़ोसियों की मदद से अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सूचना पर एसडीओ इंद्रराज यादव और जेई अलंकृत मिश्रा सब-स्टेशन पर पहुंच गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों की सूचना पर पहुंची थाना सदर बाजार पुलिस ने बदमाशों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड को बुला लिया। फिर भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। सब स्टेशन के प्रभारी जेई अलंकृत मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद सब-स्टेशन पर इकट्ठे हुए संविदा कर्मियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने सब-स्टेशन पर सुरक्षा कर्मी को तैनात करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में विद्युत कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद रफी, नवल किशोर सक्सेना, दीपक सक्सेना, मनोज सक्सेना आदि शामिल थे।
पॉवर सब स्टेशन प्रभारियों ने एक्सईएन से मांगी सुरक्षा
शाहजहांपुर। ककरा पॉवर सब स्टेशन पर बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से दो कर्मचारियों को गंभीर रूप से घायल करके वहां तोड़फोड़ किए जाने को पॉवर सब स्टेशनों के प्रभारी अवर अभियंताओं ने गंभीरता से लिया है। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन का शिष्टमंडल इस संबंध में नगर क्षेत्र के अधिशासी अभियंता एके शुक्ला से मिला। उन्होंने सब स्टेशनों पर पहले हो चुकीं आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए बिजली उपकेेंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने के लिए वहां सुरक्षा गार्ड तैनात कराने की मांग की।
हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद से एक्सईएन सिटी शुक्ला विभागीय स्टाफ के साथ रहे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद संगठन में शामिल अवर अभियंता बहादुरगंज सब स्टेशन जाकर उनसे मिले। शिष्टमंडल का नेतृत्व करते हुए संगठन केजिलाध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय ने इस बात पर नाराजगी जताई कि बार-बार मांग किए जाने पर भी ऐसी घटनाओं का दोहराव रोकने को ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे।
उन्होंने करीब पांच माह पहले हथौड़ा सब स्टेशन पर लूटपाट और कर्मचारियों से हुई मारपीट का हवाला देते हुए कहा कि उसी समय संवेदनशील श्रेणी वाले आउटर सब स्टेशनों की बाउंड्रीवाल बनाकर गार्ड तैनात कर दिए होते तो ककरा सब स्टेशन में घटना नहीं होती। जेई संघ ने सब स्टेशनों के आसपास मंडराने वाले अवांछितों की धरपकड़ कराए जाने की भी मांग की। एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि अधीक्षण अभियंता से वार्ता करके प्राइवेट गार्ड की तैनाती पर विचार किया जाएगा। शिष्टमंडल में धर्मेंद्र यादव, अलंकृत मिश्रा, अनुज श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।