फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस से कुचलकर किशोर की मौत

Sun, 20 Dec 2015 11:56 PM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्राम बड़ागांव के तुलाराम बाबा स्थान पर तीन दिन से बाबा जय गुरुदेव का सत्संग चल रहा था। रविवार को स्थान पर भंडारे का आयोजन किया गया था। गांव सिमरा निवासी धनीराम का आठ वर्षीय पुत्र राहुल भी गांव के बच्चों के साथ भंडारे में शामिल होने आया था। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे वह घर लौट रहा था। बड़ागांव से कुछ पहले रोडवेज की अनुबंधित बस शाहजहांपुर की ओर से आती दिखी तो राहुल के साथ मौजूद बच्चों ने भागकर पुवायां-शाहजहांपुर मार्ग को क्रास कर लिया। राहुल ने रोड पार करने का प्रयास किया, लेकिन बस नजदीक आते देख उसने वापस पीछे लौटने का प्रयास किया। इस दौरान वह बस के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। चालक बस लेकर पुवायां की ओर भाग निकला। इस बीच हादसे की जानकारी पाकर सीओ उमेश शर्मा ने पुवायां में राजीव चौक पर चालक को बस सहित पकड़ लिया और बस को रोडवेज पर खड़ी कराने के बाद चालक निगोही थाना क्षेत्र के गांव कटइया उस्मानपुर निवासी सुनील कुमार को पुलिस को सौंप दिया।
विज्ञापन

किशोर की मौत की सूचना पर तुलाराम बाबा स्थान से तमाम लोग मौके पर पहुंचे। मृतक के मौसा गांव सिमरा के ही कालीचरन ने मृतक की पहचान राहुल के रूप में कर परिवार के लोगों को जानकारी दी तो गांव के तमाम लोग मौके पर आ पहुुुंचे। आक्रोशित महिलाओं ने पुवायां-शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी पाकर एसडीएम सलिल कुमार पटेल, सीओ उमेश शर्मा, कोतवाली प्रभारी राजकुमार यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने महिलाओं और मृतक के पिता को समझाकर जाम समाप्त कराया। मृतक का एक बड़ा भाई सोनू और एक बहन नेहा है। पिता धनीराम मजदूरी कर परिवार की गुजर करता है। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बेहोश होकर गिरी मौसी और मां
पुवायां। राहुल की मौत की जानकारी पर मौसी रेखा और मां लल्लो देवी मौके पर पहुंचीं तो राहुल का क्षत विक्षत शव देखकर बेहोश होकर गिर पड़ीं। गांव की अन्य महिलाओं ने उन्हें संभाला। होश में आने के बाद दोनों फिर से बेहोश हो गईं। पिता धनीराम भी पुत्र के शव को देखकर गश खा बैठे। लल्लो देवी होश में आने पर कह उठती थीं कि पुत्र उसे बिना बताए ही घर से चला आया था। यदि उन्हें पता चलता तो वह राहुल को बड़ागांव नहीं आने देतीं।
विज्ञापन


डेंजर जोन में एक और हादसा
पुवायां। गांव कुंवरपुर से भूड़ा मैनारी तक पुवायां-शाहजहांपुर मार्ग डेंजर जोन कहा जाता है। यहां पर तमाम हादसे हो चुके हैं। भूड़ा मैनारी के पास तो दो बार हुई बड़ी दुर्घटनाओं में 17 लोगों की जान चली गई थी। बड़ागांव के पास भी अक्सर हादसे होते रहते हैं।

चालक की सूझबूझ से बची बस यात्रियों की जान
पुवायां। बस में सवार यात्री बच्चों को अचानक रोड पर आकर दूसरी तरफ जाते देख सन्न रह गए। चालक ने बस को संभालने की कोशिश की तो सवारियों ने भी मन ही मन बच्चों की कुशलता की दुआ की, लेकिन तब तक राहुल बस के पहिए के नीचे आ गया। चालक ने बच्चों को अचानक रोड क्रास करते देख पहले बस को बाएं उतारने का प्रयास किया, इसके बाद बस को दाएं ले जाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन राहुल अचानक पीछे की ओर भाग खड़ा हुआ और उसकी बस से कुचलकर मौत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित हो गई।
चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो बस रोड के किनारे लगे गांवसभा के बोर्ड को तोड़ती हुई कुछ आगे जाकर रुक गई। यदि बस नहीं रुकती तो आगे बेहद गहरी खाई में गिरकर पलट जाती और बस में सवार 52 यात्रियों की जान पर बन आती। इसके बाद चालक बस को लेकर पुवायां चला आया। जहां सीओ ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें