थाना सदर बाजार क्षेत्र में खिरनीबाग रामलीला मैदान के पास बने अनुसूचित जाति गर्ल्स हॉस्टल की मानिटर ने हॉस्टल की एक छात्रा से गंदगी फैलाने को मना किया तो छात्रा ने मानिटर का सिर फोड़ दिया। मानिटर की शिकायत पर थाना सदर बाजार पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव सिसौआ में रहने वाली प्रेमलता पुत्री राधेश्याम मेरठ के एक कॉलेज से बीएड कर रही है। अनुसूचित जनजाति हॉस्टल के अध्यक्ष ने कुछ दिन पहले उन्हें हॉस्टल की देखभाल करने के लिए उसका मानिटर बना दिया था। आरोप है कि हॉस्टल की एक छात्रा काफी गंदगी फैलाती रहती थी। इसके लिए प्रेमलता ने उसे कई बार मना भी किया था। शनिवार की शाम छात्रा हॉस्टल के बाथरूम में बर्तन साफ कर रही थी। प्रेमलता ने बाथरूम में बर्तन साफ करने को मना किया तो वह झगड़े पर उतारू हो गई। इसकी शिकायत प्रेमलता फोन से वार्डन से करने लगी। इसी बीच छात्रा ने प्रेमलता के बाल पकड़कर सिर दीवार में मार दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। इससे प्रेमलता के काफी बाल भी टूट गए और सिर में चोट आई। प्रेमलता ने इसकी तहरीर थाने में दी। इंस्पेक्टर जेपी तिवारी ने इसकी जांच महिला एसओ को सौंप दी है।