गांव ढुकरी बुजुर्ग निवासी 48 वर्षीय किसान सर्वेश कुमार की रविवार रात मौत हो गई। परिवार के लोगों के अनुसार उनकी मौत फसल खराब होने के सदमे से हुई है। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मां सावित्री देवी ने बताया कि सर्वेश के पास मात्र दो बीघा जमीन थी। इसमें बोई गई गेहूं की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई थी। सर्वेश गांव ढका घनश्याम में जलेबी की छोटी सी दुकान लगाकर परिवार की गुजर करते थे। गेहूं नष्ट होने से वह काफी परेशान थे। आर्थिक तंगी के चलते उन्हें 15 मई को होने वाली पुत्र सोनू की शादी भी रद्द करनी पड़ी।
शादी के लिए रुपये की व्यवस्था नहीं होने से सर्वेश काफी परेशान थे। रविवार शाम अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन इस बीच उनकी मौत हो गई। सर्वेश की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
जलालाबाद क्षेत्र में कर्ज में दबे किसान की हार्टअटैक से मौत
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव कूरेबंडा में कर्ज के बोझ तले दबे किसान 50 वर्षीय मोती लालकी सोमवार सुबह हार्टअटैक से मौत हो गई। मृतक के सिर एक लाख का बैंक का कर्ज था। गेहूं की फसल कम होने से वह बहुत दुखी था।
मृतक के पुत्र उर्वेश के अनुसार चार दिन पहले गेहूं की खुदाई होने के बाद जब फसल काफी कम निकली तभी से उनके पिता परेशान थे। रविवार शाम को उनकी तबियत अचानक ज्यादा खराब हो गई गांव मे ही दवा दिलवाई गई, लेकिन कोई खास फायदा नहीं हुआ। सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उर्वेश के अनुसार उनके पिता ने बैंक से एक लाख का लोन निकाला था, जिसे चुकाने के लिए वह परेशान रहते हैं।