बृहस्पतिवार रात चोरों ने नगर के मोहल्ला कसभरा निवासी यामीन के घर से 20 हजार की नगदी सहित लगभग सवा लाख की संपत्ति चुरा ली। पीड़ित ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
यामीन ने बताया कि रात में चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी सेफ को तोड़ डाला। इसमें रखे 20 हजार रुपये, सोने का हार, झुमकी, टॉप्स, अंगूठी, चांदी की तीन जोड़ी पायल, कंगन आदि उठा लिए। चोरों ने एक बक्सा भी चोरी किया। इसमें से चांदी की हंसली, चूड़ी आदि निकालने के बाद खाली बक्से को छत पर छोड़कर भाग गए। चोरों ने पड़ोस में किराए पर रहने वाले गांव बेला पहाड़ा के मेहर सिंह के घर भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन आहट होने पर एक मोबाइल उठाकर भाग निकले।
यामीन सुबह सोकर उठा तो चोरी का पता चला। चोरी की घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।