सोमवार को गांव सिल्हुआ निवासी वकील विमल दीक्षित के घर दीवार से चढ़कर चोर घुस आए और 60 हजार की नगदी सहित दस लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
विमल दीक्षित सोमवार रात परिवार सहित छत पर सोए हुए थे। रात में किसी समय चोर दीवार के सहारे घर में घुस आए और कमरे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर गेहूं बिक्री के रखे 60 हजार रुपये, सोने का हार, सोने की तीन लर, सोने की 14 अंगूठी, मंगलसूत्र, छह कंगन, दो नथ, मांगबेंदा, तीन जोड़ी पायल, साढे़ तीन सौ ग्राम पुरानी चांदी सहित तमाम जेवर और कीमती कपड़े आदि चोरी कर लिया।
सुबह दीक्षित की पत्नी नीरज सोकर उठीं तो कमरे का ताला और सेफ टूटी देख उनके होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर श्री दीक्षित भी नीचे आए। बड़ी चोरी से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी गए माल के बारे में जानकारी की। शाहजहांपुर से खोजी कुतिया लूसी को भी बुलाया गया, लेकिन वह भी चोरों का कोई सुराग लगा पाने में नाकाम रही। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।