कांट रोड पर गांव रसूलापुर के पास ऑक्सफोर्ड स्कूल के सामने मंगलवार को टेंपो और कार की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिन में करीब 11 बजे कांट की तरफ से सवारियां भरकर आ रहे एक टेंपो से रसूलापुर गांव के पास शाहजहांपुर से जा रही कार भिड़ गई। हादसे में पीलीभीत के गांव बरखेड़ा निवासी 25 वर्षीय लालबहादुर की मौत हो गई। जबकि उनकी भांजी 18 वर्षीय शीला पत्नी धर्मेंद्र निवासी गांव मिठाह, जलालाबाद घायल हो र्गइं। इसके अलावा थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव केसी नगला निवासी 55 वर्षीय सुखपाल और उनकी पत्नी माया देवी, थाना क्षेत्र के गांव सरथौली निवासी 45 वर्षीय घनश्याम और उनकी पत्नी 40 वर्षीय निर्मला, उनकी मां 65 वर्षीय फूलमती और 24 वर्षीय भाई शैलेंद्र, इसी थाना क्षेत्र के गांव कोटा निवासी 30 वर्षीय गुड्डू और थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस लाइंस के सामने रहने वाली 30 वर्षीय नीलम पत्नी राकेश घायल हो गईं। नीलम कांट क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहलोल में सफाई कर्मचारी हैं। कार के चालक 25 वर्षीय पवन पुत्र सर्वेश घायल हो गए। पवन अपनी मौसी प्रेमलता के साथ फर्रुखाबाद में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे।
भांजी की विदा कराने आए थे लालबहादुर
घटना में मौत का शिकार हुए लाल बहादुर अपनी मां रामवती के साथ अपनी भांजी शीला की ससुराल जलालाबाद के गांव मिठाह में बहन की शादी का निमत्रंण देने आए थे। 27 अप्रैल को लालबहादुर की बहन शकुंतला की शादी होनी थी। लालबहादुर अपनी भांजी शीला को विदा कराकर अपने साथ ले जा रहे थे। शीला के साथ उनका एक वर्ष का बेटा आयुष भी था। हादसे में लाल बहादुर की मौत हो गई। हादसे से मां रामवती बेसुध हो गईं। शीला ने बताया कि वह अपनी ससुराल से खुशी-खुशी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए चले थे, लेकिन मामा की मौत होने से सब कुछ खत्म हो गया। लाल बहादुर छह भाई और दो बहनों में सबसे छोटे थे। लाल बहादुर की मौत की खबर सुनकर उनके गांव बरखेड़ा में कोहराम मच गया है। गांव से परिवार के लोेग उनका शव लेने के लिए पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।