थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ला में सोमवार को बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने भाई की उंगली काट ली। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोरी के भाई ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले के सचिन, राहुल और सुमित उसकी बहन के साथ छेड़खानी और आपत्तिजनक टिप्पणी करते थे। विरोध करने पर तीनों से कई बार विवाद हो चुका था। सोमवार की सुबह तीनों उसे घर के बाहर बुलाकर गाली-गलौज करते हुए पिटाई करने लगे। बचाने आए छोटे भाई पर सचिन ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया। जिससे उसकी उंगली कटकर जमीन पर गिर गई। हमलावरों ने उसके ऊपर भी तमंचे की बटों से वार किए। जिससे उसके भी चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर लिया है।