मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। मां के पीछे पीछे खेत गई एक सात वर्ष की बालिका को अकेला देखकर पड़ोसी किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची मां को देखते ही किशोर गालियां देता हुआ भाग गया। पुलिस ने मां की तहरीर पर किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बालिका को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे वह घुइया के खेत की तरफ गई थी। उसके पीछे पीछे उसकी सात साल की पुत्री भी चल रही थी। आरोप है कि उसके आगे निकल जाने पर पुत्री को अकेला देखकर पड़ोसी 15 वर्षीय किशोर उसे पकड़कर यूकेलिप्टस के बाग में ले गया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। बेटी के चीखने की आवाज सुनकर वह दौड़ती हुई बाग में पहुंची, तभी आशीष गालियां देता हुआ भाग गया।
पुलिस ने बुधवार को बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित बालिका को उसकी मां और महिला कांस्टेबिल के साथ डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भी नाबालिग है। उसे हिरासत मे लेकर पूछताछ की जा रही है।
सात साल की बालिका के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत उसकी मां ने की है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
सुधाकर पांडेय, थाना इंचार्ज