तिलहर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव शेरगढ़ निवासी मुन्ना शाह के 11 वर्षीय बेटे समीर शाह की मंगलवार सुबह गांव के किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। हालांकि जिंदा होने की उम्मीद में परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुुंचे लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के ताऊ की ओर से ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
गांव निवासी समीर शाह गांव के बच्चों के साथ मोहद्दीपुर को जाने वाली निर्माणाधीन सड़क पर गांव के निकट ही मंगलवार सुबह खेल रहा था। निर्माणाधीन सड़क पर मोहद्दीपुर निवासी पिंटू अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से पानी का छिड़काव कर रहा था। पिंटू ट्रॉली में पानी भरकर मोहद्दीपुर की ओर से छिड़काव करते हुए शेरगढ़ की ओर आ रहा था, तभी बच्चों के साथ खेलते हुए समीर शाह अचानक ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया और गंभीर घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। वहीं गांव के कई लोग और रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। आनन-फानन में बालक को लेकर तिलहर सीएचसी पहुंचे लेकिन यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद परिजनों को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में मृतक समीर शाह के ताऊ बशीर शाह ने पुलिस को ट्रैक्टर चालक पिंटू के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। बशीर शाह ने बताया कि समीर छह भाई-बहन में समीर तीसरे नंबर का था और मोहल्ला कांकड़ के एक मदरसे में कक्षा चार का छात्र था। मृतक की मां मेहरुन्निशा व उसके भाई बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।