शाहजहांपुर। सार्वजनिक स्थलों में रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कलक्ट्रेट, एसपी ऑफिस, विकास भवन, जिला अस्पताल में आम व्यक्ति के पीने के पानी की व्यवस्था तो है, लेकिन कहीं सफाई व्यवस्था खराब है। तो कहीं हैंडपंप ही नहीं है। ऐसे में लोगों को परेशान होना पड़ता है। सार्वजनिक स्थलों पर पीने के पानी की व्यवस्था पर लाइव रिपोर्ट।
कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के बाहर ही फरियादियों के लिए वाटर कूलर लगा है। इसके साथ ही दूसरी मंजिल पर भी वाटर कूलर की व्यवस्था है। लेकिन कलक्ट्रेट परिसर में हैंडपंप की संख्या मात्र एक हैं, जोकि कोषागार की ओर लगा हुआ है। वर्तमान समय में एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन आदि की प्रक्रिया के चलते बेरिकेडिंग होने कारण हैंडपंप तक जाना भी संभव नहीं हो पाता।
विकास भवन के स्थित विभागीय कार्यालयों में आने वाले फरियादियों को पीने के लिए पानी की सुविधा देने के लिए प्रथम व द्वितीय तल पर एक-एक वाटर कूलर लगा है। जिससे फरियादी पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते हैं। इसके अलावा कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी निजी वाटर कूलर भी मंगाते हैं, जिससे कि पानी की कमी न हो। विकास भवन के के बाहर लगा हैंडंपप भी ठीक मिला।
रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए दो वाटर कूलर और दो हैंडपंप लगे मिले। लेकिन रोडवेज परिसर के बाहरी हिस्से की ओर लगा हैंडपंप खराब पड़ा था, तो उसके पास ही लगे वाटर कूलर के पास गंदगी पसरी हुई थी। प्यास बुझाने के लिए मजबूरन लोगों को गदंगी से गुजरकर वाटर कूलर से पानी पीना पड़ रहा था। दूसरी वाटर कूलर व हैंडपंप सही था।
रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में स्थित टिकट घर पर आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी की कोई सुविधा नहीं है। जिससे लोगों को प्यासे ही टिकट खिड़की पर खड़े रहना पड़ता है। रेलवे स्टेशन अंदर के यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था है। लेकिन गर्मी शुरू होने के बावजूद शीतल जल नहीं मिल रहा। आरपीएफ थाने के पास लगे वाटर कूलर में पानी ही नहीं आ रहा था।
नगर निगम कार्यालय के सामने ही स्थित नगरीय विकास अभिकरण डूडा कार्यालय के बाहर लगा नल खराब मिला। इस नल के अलावा और कोई साधन भी लोगों की प्यास बुझाने के लिए उपलब्ध नहीं है। नगर निगम कार्यालय में आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी की सुविधा का अभाव है। बताया जाता है कि कार्यालय परिसर में वाटर कूलर लगा था। अब एक नवनिर्मित कमरे के पीछे टंकी लगी हे, जोकि दिखाई भी नहीं देती।
विकास भवन में वाटर कूलर तो लगे हैं, लेकिन ठंडा पानी नहीं देते हैं। अभी इतनी गर्मी नहीं है, इसलिए दिक्कत कम है। लेकिन मई-जून में पानी की जरूरत बढ़ने पर परेशानी होगी। - रमेश चंद्र
रोडेवज परिसर में चालको-परिचालकों व यात्रियों को पीने के पानी की व्यवस्था बहुत अच्छी नहीं है। वाटर कूलर के पास गंदगी रहती है। दो में से एक हैंडपंप खराब पड़ा है। - अभिषेक मिश्रा
कलेक्ट्रेट परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था ठीक है। हैंडपंप की संख्या बढ़नी चाहिए। जिससे वाटर कूलर का पानी न पीने वाले लोग हैंडपंप का पानी पीकर अपनी प्यास बुझा सके। - शिवम
रेलवे स्टेशन के अंदर यात्रियों को पीने के पानी की सुविधा मिल जाती है। लेकिन रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में एक भी हैंडपंप या वाटर कूलर नहीं लगा है, लोग प्यासे रह जाते हैं। - फकीरे लाल
शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने के पास लगे वाटर कूलर में पानी ही नहीं आ रहा- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर में डूडा कार्यालय के बाहर लगा खराब नल- फोटो : SHAHJAHANPUR