शाहजहांपुर। जीएफ महाविद्यालय में शनिवार को छात्राओं को साइबर अपराध के संबंध में जागरूक किया गया। इसमें करीब 125 छात्राओं ने शामिल होकर साइबर अपराध से बचाव के टिप्स जाने। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विशेषज्ञ काजी मोहम्मद आमिर ने छात्राओं को सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान बताए। कहा कि इनाम या ऑफर वाले लिंक पर क्लिक करने से हैकर आपका बैंक खाता साफ कर सकते हैं। उन्होंने लालच में न जाने और ओटीपी शेयर न करने की सलाह दी।
शनिवार को जीएफ कॉलेज के कमेटी हॉल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि काजी मोहम्मद आमिर ने कहा कि फेसबुक आईडी पर अपनी प्रोफाइल लॉक रखें। अपने फोटो पोस्ट करने से बचें और अंजान लोगों को दोस्तों की सूची में बिल्कुल शामिल न करें। काजी आमिर ने चेताया कि किसी भी हाल में अनजबी व्यक्ति की वीडियो कॉल रिसीव न करें। सोशल मीडिया एकाउंट में पासवर्ड मोबाइल नंबर, जन्मदिन की तिथि बिल्कुल न डालें। पासवर्ड हमेशा मुश्किल होना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को आगाह किया कि पुराना मोबाइल खरीदने और बेचने से बचें। इन मोबाइल का उपयोग हैकर कर सकते हैं। आमिर ने बार-बार सिम बदलने वाली छात्राओं को चेताया कि सिम को लगातार कुछ महीने तक रिचार्ज नहीं कराने पर कंपनी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी कर देती है। ऐसे में संबंधित बैंक खाता, फेसबुक एकाउंट आदि भी संबंधित व्यक्ति के पास पहुंच जाता है। उसका दुरुपयोग की आशंका रहती है। बोले कि अपने मोबाइल का नोटिफिकेशन बंद कर दें।
बार-बार नोटिफिकेशन आने से मोबाइल को देखने की आदत पड़ जाती है। कहा कि सोशल मीडिया पर क्या देखना है? यह तय करें। छात्राएं वर्क फ्रॉम होम वाली स्किल को सीखें। फेसबुक पर पेज, यू-ट्यूब चैनल बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर खुद को आत्मनिर्भर बनाने की ओर कदम बढ़ाएं। समीरा खान के संचालन में हुए कार्यक्रम में डॉ. युक्ति माथुर, डॉ.कौसर जमाल, डॉ. इरम जहां, डॉ. आयशा जेबी आदि मौजूद रहीं।
-वर्तमान समय में इंटरनेशनल कॉल के जरिए ठगी का शिकार काफी ज्यादा लोग हो रहे हैं। फ्राड कॉल से बचने की कोशिश रहेगी। -प्रीति
केबीसी के नाम पर रुपये जीतने वाले मैसेज आते हैं। लालच में लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। सावधान रहने की जरूरत है। - केसर
मोबाइल का उपयोग बढ़ गया। सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान दोनों हैं। मोबाइल को कम प्रयोग करना चाहिए। - अंजलि कश्यप
सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी से करना चाहिए। इससे कोई लाखों रुपये कमा सकता है तो कोई गंवा भी सकता है। - वाहिदा खातून
आमतौर पर लड़कियां फेसबुक प्रोफाइल पर प्राइवेसी नहीं लगाती हैं। इसे लगाना जरूरी है। इससे कोई फोटो चोरी नहीं कर पाएगा। -शिखा यादव
मोबाइल सिम बार-बार नहीं बदलनी चाहिए। सिम को लगातार रिचार्ज नहीं कराने से संबंधित कंपनी दूसरे के नाम पर जारी कर देती है। - समीरा खान
त्योहारी सीजन में कंपनियों द्वारा लुभावनी ऑफर दिए जाते हैं। इसके लिए लिंक दिए जाते हैं। लिंक पर क्लिक करना घातक हो सकता है। तनिशा सक्सेना
कार्यक्रम में ऐसी जानकारी मिली है, जो आमतौर पर पता नहीं होती हैं। सोशल मीडिया का इस्तेमाल अच्छा है, पर सावधानी की जरूरत है। - अदिति यादव
शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज में अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएं । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR