घायल जैतीपुर के जौरा साघन सहकारी समिति सचिव दिनेश मिश्रा
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के जौरा स्थित साधन सहकारी समिति के सचिव दिनेश मिश्रा ने गांव के अरुण कुमार और नाहर सिंह पर मारपीट कर 50 हजार रुपये लूटने और वितरण मशीन तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
समिति के सचिव दिनेश मिश्रा ने गढ़ियारंगीन थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे गोदाम खोल रहा था। तभी गांव के अरुण कुमार और नाहर सिंह आए। गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इससे वह गिर गए। दोनों लोगों ने बैग से वसूली के 50 हजार रुपये, सरकारी दस्तावेज निकाल लिए। वितरण मशीन और मोबाइल तोड़ दिया। सचिव की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग आ गए तो हमलावर भाग गए।
गढ़ियारंगीन थाना प्रभारी सुंदर लाल वर्मा ने बताया कि सचिव दिनेश मिश्रा की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने बताया कि अरुण कुमार और नाहर सिंह बिना सरकारी कार्रवाई के उनसे जबरदस्ती खाद ले जाते हैं। डीएपी और यूरिया का अरुण कुमार पर करीब 25 हजार और नाहर सिंह पर 18 हजार रुपये बाकी है। उन लोगों से उन्हें जान का खतरा है।