तिलहर। थाने पहुंचे डीएम और एसपी के सामने शनिवार को एक युवती अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने पर फूट-फूटकर रो पड़ी। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
युवती ने थाने पहुंचे डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी एस. आनंद को बताया कि युवतियों और किशोरियों को गुमराह कर उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ एक महीने पहले रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उनकी गिरफ्तारी न होने पर उनके हौसले बुलंद हैं। वह डरा- धमकाकर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
पीड़िता ने एक युवती सहित सात लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोग भोली-भाली लड़कियों को फंसा कर उनकी वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। आरोप है कि आरोपी उसे भी जबरन एक वैन में बैठाकर सुनसान मकान में ले गए और जबरदस्ती उसके कपड़े उतरवाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। तब से वे लोग उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे हैं।
बताया कि इस मामले में उसने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन एक महीने बाद भी किसी भी आरोपी की पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की। डीएम और एसपी ने थाना प्रभारी रविंद्र सिंह को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।