भैंसी नदी पुल के पास लगाया गया बैरिकेडिंग
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से भैंसी नदी के पुल के पास बैरिकेडिंग लगाकर पुल को भारी वाहनों के लिए अब पूर्णतया बंद कर दिया है। हालांकि कि पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध पहले ही लगा दिया गया था और बोर्ड भी लगाए गए थे, लेकिन पुल से बड़े वाहन धड़ल्ले से आ-जा रहे थे। इस पर अमर उजाला ने 12 अप्रैल के अंक में ‘कागजों में लगा दिया प्रतिबंध, सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहन’ शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब पुल के पास बैरिकेडिंग कर दी गई है।
अंग्रेजों के जमाने का भैंसी नदी पर बना पुल बेहद ही जर्जर हालत में हैं। पुल पर लोहे के गर्डर पर लकड़ी के पटले और पटलों के ऊपर लोहे की चादर डालकर बनाया गया है। लकड़ी के कई पटले टूट चुके हैं और पूरब की ओर से पुल की दीवार में दरारें पड़ गई हैं। लोहे की चादर हर हफ्ते सही करानी पड़ती है। पुल की जर्जर हालत का मामला कई बार उठाया गया। दो अप्रैल को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने पुल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तलब की थी।
इसके बाद एनएचएआई के इंजीनियरों की टीम ने पुल का निरीक्षण किया और पुल की हालत अत्यंत खराब मानते हुए पुल को भारी वाहनों के लिए बंद करने की संस्तुति की थी। इसके बाद एनएचएआई की ओर से पुल के दोनों ओर और पुवायां खुटार में बोर्ड लगाकर भैंसी पुल को भारी वाहनों के लिए बंद करने की बात कही गई थी। केवल बोर्ड लगा देने से वाहन चालकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था।
दिन भर ट्रक, बस, टैंकर पुल से निकलते रहे। समाचार प्रकाशित होने के बाद अब एनएचएआई की ओर से पुल के पास बैरिकेडिंग लगाकर पुल को भारी वाहनों के लिए पूर्णतया बंद कर दिया है। भारी वाहन पुल के पास के कच्चे रास्ते से निकल रहे हैं, जबकि बाइक, कार आदि पुल के ऊपर से निकल रहे हैं। कच्चे रास्ते को सही किए जाने की तैयारी है।