शाहजहांपुर। कचहरी परिसर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने के बाद अब बार एसोसिएशन ने गंभीर रुख अपनाया है। एसोसिएशन का मानना है कि आपसी रंजिश में वकालत को इस्तेमाल करना ठीक नहीं था। एसोसिएशन अब बगैर पंजीकरण कचहरी में बैठने वाले लोगों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनंत कुमार सिंह ने बताया कि कचहरी व न्यायालय परिसर में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए बार में आने वाले नए सदस्यों से इस आशय का शपथ पत्र लिया जाएगा कि उन पर किसी तरह का आपराधिक मुकदमा दर्ज तो नहीं है। वह बार की सदस्यता प्राप्त करने के बाद केवल विधि का व्यवसाय ही करेंगे। साथ ही नॉन प्रैक्टिसनर्स अधिवक्ताओं को चिह्नित कराया जाएगा।
उनको प्रैक्टिस के लिए सेंट्रल बार एसोसिएशन में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए जाएंगे। जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं होगा, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव अनीत कुमार त्रिवेदी ने कहा कि विधि की पढ़ाई पूरी करने के बाद अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए बार एसोसिएशन में पंजीकरण कराना जरूरी होता है।
कचहरी में ऐसे बहुत से अधिवक्ता हैं, जो कि बिना रजिस्ट्रेशन कराए ही कचहरी में बैठ रहे हैं। ऐसे लोगों पर अंकुश लगना ही चाहिए। इसके लिए बार एसोसिएशन की ओर से विचार किया जा रहा है। सोमवार को कचहरी परिसर में घटी घटना के बाद से बार एसोसिएशन वकीलों की सुरक्षा के लिए अधिक सतर्कता बरतेगी। आपराधिक रिकार्ड को लेकर शपथ पत्र लिया जाएगा।
अनंत कुमार सिंह- फोटो : SHAHJAHANPUR