बाढ़ देखने के दौरान गर्रा नदी में डूबे सर्वेश गुप्ता का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुुर। बाढ़ देखने गए शहर के बाड़ूजई प्रथम मोहल्ला निवासी सर्वेश गुप्ता की नदी में डूबने से मौत हो गई। तलाशने पर उनका शव मछली पकडने वाले जाल में फंसा मिला। परिजन के मुताबिक सर्वेश बाढ़ देखने गए थे। जबकि पुलिस का कहना है कि सर्वेश मछली पकड़े गए थे।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाड़ूजई प्रथम निवासी सर्वेश गुप्ता (50) सोमवार सुबह करीब दस बजे कुछ दोस्तों के साथ मोहल्ला ककरा में आई बाढ़ देखने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से सर्वेश गर्रा नदी में गिर गए। वहां मौजूद दोस्त चिल्लाते हुए मौके से भाग गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्वेश को ढूंढना शुरू किया। कुछ लोगों ने मछली पकड़ने के लिए नदी में जाल डाल रखा था। लोगों ने उस जाल को बाहर निकाला तो सर्वेश का शव फंसा हुआ मिल गया। इसकी खबर मिलने पर परिजन मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद सर्वेश का शव घर ले गया।
बड़े भाई सुरेश ने बताया कि कुछ लोगों के साथ घर से गए थे। करीब पांच साल पहले पत्नी से तलाक हो गया था। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। इनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। पिता रामस्वरूप ने बताया कि सर्वेश बाढ़ देखने गया था। थाना सदर बाजार के कार्यवाहक प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि सर्वेश मछली पकड़ने गया था। उनका शव नदी में पड़े जाल में फंसा मिला है।