शाहजहांपुर। कोरोना की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को आई रिपोर्ट में 173 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें दस स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी और मनोवैज्ञानिक शामिल हैं। सभी को होम आइसोलेट कर दिया। गत दिवस एक व्यक्ति की कोरोना से मौत भी हो चुकी है।
नए साल से कोविड ने अपने रंग दिखाना शुरू कर दिया। हर रोज बड़ी संख्या में कोविड के केस सामने आ रहे। शनिवार को आई कोरोना की रिपोर्ट में 173 मरीजों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक ने कोविड के लक्षण पाए जाने पर जांच कराई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर होम आइसोलेट हो गए। स्वास्थ्य केंद्र तिलहर में तीन, ददरौल, जरियनपुर, मदनापुर समेत दस स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमण की जद में आए हैं। डीएम कंपाउंड के पांच लोगों ने जांच कराई थी। सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी तरह थाना कांट के एक सिपाही को भी कोरोना हुआ है। सीएमओ डा.एसपी गौतम ने बताया कि 1076 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जिले में कुल एक्टिव केसों की संख्या 1112 हो गई। जनपद में अब तक कुल 22,188 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं।
तिलहर में सीएचसी के तीन कर्मचारी सहित 14 लोग पॉजिटिव पाए गए
तिलहर। शनिवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में सीएचसी के तीन कर्मचारी सहित 14 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि तिलहर सीएचसी सहित ब्लॉक क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग ढाई सौ कोरोना की जांच की जा रही है। बताया कि शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में सीएचसी के तीन कर्मचारी सहित 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया कि तिलहर क्षेत्र में कई टीमें लगाकर लगातार कोरोना की जांच कर रही हैं।