हत्यारोपी दंपती गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के डड़वा में धारदार हथियार से प्रहार कर युवक की हुई हत्या के आरोपी दंपती को पुलिस ने रविवार को डड़वा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
इंस्पेक्टर क्राइम दीपक दूबे और एसएसआई राकेश मिश्र ने बताया कि डड़वा निवासी पीड़ित पत्नी फरीदा खातून ने शनिवार को सूचना दी कि उसके पति मोहम्मह रुस्तम उर्फ भोलू रात में घर के बाहर दरवाजे पर तख्त पर सोए हुए थे। सुबह पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही मोहम्मद मेराज, मोहम्मद इमरान व अमिरुन्निशा पत्नी मोहम्मद इमरान अचानक हत्या करने की नीयत से गोलबंद होकर उसके दरवाजे पर पहुंच गए। मोहम्मद मेराज अपने एक हाथ में धारदार हथियार व एक हाथ में चाकू लिए था। मोहम्मद इमरान ने उसके पति का हाथ व अमीरुन्निशा ने पैर पकड़ लिया। आरोप है कि मोहम्मद मेराज ने हत्या करने की नीयत से उसके पति के सिर व गले पर धारदार हथियार से कई बार वार किए। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पति की मृत्यु हो गई। अस्पताल में डाक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में दंपती और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। सूचना के आधार पर आरोपी मोहम्मद इमरान और अमीरुन्निशा को डड़वा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी दंपती को जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी मेराज की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।