संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के एक गांव निवासी 34 वर्षीय महिला दो दिन पहले घर से लापता होने के बाद रविवार को बस्ती में बदहवास मिली। परिवार के लोग उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने महिला का पहले उपचार कराने की सलाह देकर घर भेज दिया। महिला रुक-रुक कर अचेत हो जा रही थी और वह यही बोल रही थी जो लेना था वह ले लिए अब घर जाने दो।
परिजनों के मुताबिक 22 मार्च को महिला घर से बाहर खेत में काम करने जा रही थी। उसी समय एक बाइक पर सवार दो लोग आए और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर भाग निकले। तभी से महिला की तलाश की जा रही थी लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार की दोपहर बस्ती से एक फोन आया कि एक महिला अचेत होकर पड़ी हुई है। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो उसे पहचान गए और उसे लेकर थाने में पहुंचे। पुलिसकर्मी ने कहा कि महिला की हालत ठीक नहीं दिखाई दे रही है। इसका पहले इलाज करने की जरूरत है। इस मामले में कार्रवाई प्रचलित है।
पुलिस के मुताबिक मामले में पहले ही केस दर्ज किया गया है। महिला की तलाश चल रहा है। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। पहले उसका इलाज जरूरी है। उसके बाद बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।