शादी से पहले प्रेमी के साथ बने शारीरिक संबंध से ठहरे गर्भ का रहस्य जब ससुुुराल में खुला तो रिश्तों में खटास आ गई। ससुराल में सम्मान न मिल पाने पर पीड़ित पिता बेटी को अपने घर लाया। सोमवार को पिता ने बेटी के प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी विक्रमादित्य ने कोतवाल को निर्देश दिया कि आरोपी युवक की तलाश करें और त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रगति से उन्हें अवगत भी कराएं।
नगर के एक मोहल्ले का एक युवक डीजे बजाता है। कुछ माह पूर्व युवक डीजे बजाने के लिए कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती के गांव में गया था। जहां दोनों संपर्क में आए और फिर बातचीत के जरिए उनमें संबंध प्रगाढ़ हुए। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। कुछ माह पूर्व युवती की शादी हो गई। जहां कुछ समय पूर्व युवती के गर्भ ठहरने की जानकारी ससुरालियों को हुई तो पूछताछ शुरू हुई। बाद में शादी के पूर्व युवती के अवैध संबंध का पता चला तो ससुराल पक्ष के लोगों ने सम्मान देना बंद कर दिया। वहीं पति-पत्नी के रिश्ते में भी खटास आ गई।
युवती के पिता को जब मामले की जानकारी हुई तो वह बेटी को ससुुुराल से अपने घर ले गया। पीड़ित पिता का आरोप था कि युवक ने उसकी बेटी की जिंदगी में जहर घोल दिया। बेटी को बरगला कर उसका यौन शोषण किया, जिससे बेटी गर्भवती हो गई। पीड़ित पिता ने आरोपी प्रेमी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।